दोस्तों, आज की पोस्ट में मैं आपको बताऊंगा कि कार क्लेम रिजेक्ट या नो-क्लेम होने पर आपको क्या करना है। मैंने अपने 8 साल से ज्यादा के करियर में कई गाड़ियों को नो-क्लेम होते देखा है और कई ऐसे केस भी हुए हैं जिनमें नो-क्लेम होने के बाद भी क्लेम अप्रूव करा दिया जाता है।
एक कार, बाइक या बड़े वाहन मालिक के पैरों तले से जमीन तब खिसक जाती है जब उनकी गाड़ी बहुत ज्यादा डैमेज हो और क्लेम को बीमा कंपनी द्वारा नो-क्लेम या रिजेक्ट (Repudiated) कर दिया जाता है।
एक बॉडीशॉप मैनेजर होने के नाते मैंने कई कार मालिकों को नो-क्लेम होने पर हताश होकर गाड़ी अपने पैसे से रिपेयर कराते देखा है, क्योंकि उनको काफी समझाने के बाद भी वे लोग आगे की कार्यवाही ही नहीं करते हैं।
सबसे पहले यदि आपका क्लेम रिजेक्ट हुआ है, तो आप नीचे दी गई पोस्ट को पढ़ें कि कहीं पोस्ट में दिए गए कारण तो नहीं हैं। यदि वे कारण हैं, तो आपके क्लेम को कोई नहीं बचा सकता:
👉 आपका मोटर क्लेम रिजेक्ट/नो क्लेम क्यों होता है? बॉडीशॉप मैनेजर से जानिये असली कारण
आज की पोस्ट में मैं आपको वह बताऊंगा जो आपको कोई किताब या इंटरनेट नहीं बताएगा, क्योंकि यह सब मैंने खुद होते हुए देखा है (यानी ग्राउंड लेवल की जानकारी दूंगा)। मैं आपको शॉर्ट में क्लेम रिजेक्ट होने के कुछ मुख्य कारण बताने वाला हूँ, क्योंकि ऊपर मैंने लिंक दी है जिसमें विस्तार से क्लेम रिजेक्शन का वर्णन है।
🚨 आपका कार/बाइक क्लेम रिजेक्ट या नो-क्लेम क्यों होता है? (असली वजह)
जब तक आपको यह पता नहीं होगा कि मेरा क्लेम नो-क्लेम क्यों हुआ है, तब तक आप बीमा कंपनी से या सर्वेयर से क्लेम अप्रूवल के लिए लड़ ही नहीं सकते हैं। मैं आपको कुछ मुख्य कारण बता रहा हूँ जिनसे क्लेम रिजेक्ट हो जाता है:
क्लेम फॉर्म में गलत जानकारी देना: क्लेम फॉर्म में कुछ जरूरी जानकारियां भरी जाती हैं—जैसे एक्सीडेंट कैसे हुआ, कब हुआ, कितनी तारीख को हुआ और कहाँ हुआ। यह सब आप फॉर्म में कुछ और भरते हैं और सर्वेयर को कुछ और ही कहानी बताते हैं, तो ऐसे में क्लेम रिजेक्ट कर दिया जाता है।
क्लेम करने में देरी करना: अब आपके एक्सीडेंट हुए 10 से 15 दिन बीत चुके हैं और आप इतने दिन बाद क्लेम करते हैं, तो आपसे डिले इंटीमेशन (Delay Intimation) का प्रूफ मांगा जाता है। अब आप यदि सही प्रूफ नहीं दे पाते हैं, तो क्लेम रिजेक्ट कर दिया जाता है।
ड्राइविंग लाइसेंस में गलती: यदि आपकी गाड़ी का एक्सीडेंट होता है और ड्राइवर के पास लाइसेंस ही नहीं है, लर्निंग लाइसेंस है, या एक्सपायर लाइसेंस है, तो आपका क्लेम सीधे ही रिजेक्ट कर दिया जाएगा।
बॉडीशॉप अनुभव: एक केस मैंने बहुत बार होते देखा है—एक्सीडेंट के वक्त गाड़ी कोई और चला रहा होता है और DL किसी दूसरे का लगा दिया जाता है। इन्वेस्टिगेशन या सर्वेयर के निरीक्षण में पकड़े जाने पर क्लेम को नो-क्लेम कर दिया जाता है।
क्लेम फॉर्म और डैमेज का मेल न खाना: यह भी बहुत बार होता है कि आप क्लेम फॉर्म में लिखवा देते हैं कि एक जानवर गाड़ी के आगे लगा और फिर गाड़ी बहककर दीवार से टकरा गई, जो सर्वेयर के हिसाब से डैमेज से मेल नहीं खाते हैं, तो भी क्लेम नो-क्लेम कर दिया जाता है।
ब्रेक-इन रिपोर्ट (Break-in) में पुराना डैमेज निकलना: जब आपकी पॉलिसी एक्सपायर हो जाती है, तो दोबारा रिन्यू कराने पर गाड़ी की चारों तरफ से फोटो खींची जाती हैं। उसमें जो डैमेज होते हैं वे बीमा कंपनी के रिकॉर्ड में चले जाते हैं। बाद में जब आप क्लेम लेते हैं और वही पुराने डैमेज निकलते हैं, तब आपको क्लेम नहीं दिया जाएगा।
पानी में डूबने पर इंजन सीज होना: जब आपकी गाड़ी पानी में डूब जाती है और बंद हो जाती है, तब उसके इंजन में पानी चला जाता है। फिर आप उसे बार-बार स्टार्ट करने की कोशिश करते हैं, तो इंजन सीज होने पर क्लेम नहीं दिया जाएगा (जब तक कि Engine Protect कवर न हो)।
पालिसी में थर्ड पार्टी (TP) कवर न होना - यदि आपकी पालिसी में थर्ड पार्टी कवर नहीं है केवल ओन डैमेज (own damage) कवर है तो भी आपका क्लेम रिजेक्ट कर दिया जायेगा. आपकी गाड़ी में भले ही फर्स्ट पार्टी कवर है और थर्ड पार्टी कवर नहीं है और थर्ड पार्टी को नुक्सान पहुंचा है तो आपका क्लेम तुरंत रिजेक्ट हो जाएगा.
👉 Third Party Claim (TP) क्या होता है: जानिए TPP और TPPD का पूरा प्रोसेस
🛠️ कार क्लेम रिजेक्ट (No Claim) होने पर क्या करें? (मेरी पर्सनल सलाह)
यदि आपका क्लेम बीमा कंपनी या सर्वेयर द्वारा रिजेक्ट कर दिया गया है, तो आपको घबराना नहीं है। मैं जो नीचे स्टेप्स बता रहा हूँ, उनको ध्यान से पढ़ें:
स्टेप 1: बीमा कंपनी द्वारा दिए गए Rejection Letter को ध्यान से पढ़ें
सबसे पहले आपको बीमा कंपनी से लिखित क्लेम रिजेक्शन लेटर (Written Rejection Letter) मांगना है। उसमें साफ-साफ लिखा होता है कि बीमा के किस नियम के उल्लंघन की वजह से क्लेम रिजेक्ट हुआ है। केवल सर्वेयर या बीमा एजेंट के मौखिक कहने मात्र पर न जाएं; उनसे लिखित में लेटर लें और उसे ध्यान से पढ़ें कि कहाँ गलती हुई है।
स्टेप 2: बॉडीशॉप मैनेजर से बात करें
क्लेम रिजेक्शन लेटर को अपने बॉडीशॉप मैनेजर को दिखाएं और पूरा मामला समझाएं कि किस वजह से क्लेम रिजेक्ट हुआ है। वे आपकी काफी हेल्प करते हैं और सही सलाह देते हैं।
आप बॉडीशॉप मैनेजर से पूछें कि सर्वेयर ने अपनी असेसमेंट रिपोर्ट में क्या रिमार्क डालकर क्लेम को रिजेक्ट किया है। यदि क्लेम—फॉर्म में किसी गलती, डैमेज मेल न खाने या स्पॉट फोटो की वजह से रिजेक्ट हुआ है, तो बॉडीशॉप मैनेजर सर्वेयर से बात करके मामला सुलझा सकता है।
स्टेप 3: सबूत जुटायें और क्लैरिफिकेशन लेटर तैयार करें
आपका क्लेम जिस भी कारण से रिजेक्ट हुआ है, उसका मजबूत सबूत इकट्ठा करें:
यदि क्लेम दर्ज करने में देरी हुई है: तो उसकी ठोस वजह बीमा कंपनी को दें। जैसे—आप अस्पताल में भर्ती थे तो उसके पर्चे जमा करें, या शहर से बाहर गए थे तो उसका कोई प्रूफ दें (जैसे गूगल टाइमलाइन, गूगल मैप हिस्ट्री आदि)।
यदि क्लेम फॉर्म में गलत जानकारी भर दी हो: ऐसा कई बार होता है कि एक्सीडेंट का समय, डेट या डिस्क्रिप्शन गलत भर दिया जाता है। तो आप क्लैरिफिकेशन लेटर (Clarification Letter) के द्वारा उसमें सुधार कर सकते हैं और सर्वेयर को समझा सकते हैं।
यदि सर्वेयर को डैमेज फोटो पर शक है: शक करना हर सर्वेयर के खून में होता है! तो यदि आपके केस में सर्वेयर को डैमेज की फोटो पर शक है, तो आप उसे सही स्पॉट फोटो दिखाएं, गूगल टाइमलाइन दिखाएं और हो सके तो CCTV फुटेज दिखाकर क्लेम बचा सकते हैं।
यदि क्लेम फॉर्म में पुराना/एक्सपायर DL लग गया हो: मेरे पास एक ऐसा केस आया था जहाँ ग्राहक ने अपना पुराना DL लगा दिया था जो एक्सपायर हो चुका था, लेकिन उन्होंने एक्सपायर होने से पहले ही नया DL रिन्यू करा लिया था। उनका क्लेम रिजेक्ट हो गया। फिर मैंने उनको बताया कि एक्सपायर DL की वजह से क्लेम नहीं मिलेगा। उन्होंने बोला कि मैं भूल गया था, मैंने तो नया बनवा लिया था। मैंने सर्वेयर से बात करके उनका नया DL रिकॉर्ड में लगवाया और क्लेम पास हो गया। यदि आपके साथ भी ऐसा हो जाए तो चिंता न करें, बस एक्सीडेंट होने की तारीख से पहले का वैलिड DL होना जरूरी है।
यदि मामला FIR से जुड़ा हो: कभी-कभी आपकी गाड़ी किसी दूसरी गाड़ी या व्यक्ति से टकराती है। आप मामला शांत कराकर सीधे गाड़ी वर्कशॉप पर छोड़ देते हैं और वर्कशॉप क्लेम इंटीमेट कर देता है। उस समय क्लेम फॉर्म में FIR का जिक्र नहीं होता। लेकिन क्लेम करने के 15 दिन बाद सामने वाली पार्टी FIR कर देती है। तब आप बीमा कंपनी या सर्वेयर को लेटर लिखकर क्लियर कर सकते हैं कि क्लेम करते समय कोई FIR नहीं हुई थी।
गलत NCB (Wrong NCB) से संबंधित: यदि आपने पिछली पॉलिसी पर क्लेम लिया था और फिर भी अगली पॉलिसी पर एजेंट द्वारा 20% नो-क्लेम बोनस (NCB) ले लिया गया है, तो आप बीमा कंपनी से बात करके 20% NCB की डिफ़रेंस राशि जमा कर सकते हैं या पूरे बिल से 20% अमाउंट कटवाकर अपना क्लेम अप्रूव करा सकते हैं।
स्टेप 4: कंपनी के उच्च स्तरीय Grievance Redressal Officer (GRO) को मेल करें
यदि ऊपर दिए गए तरीके से काम नहीं बन पा रहा है, तो आप बीमा कंपनी के Grievance Redressal Officer (GRO) को ईमेल कर सकते हैं। मेल में अपना पॉलिसी नंबर, क्लेम नंबर, नाम और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर (RC) लिखकर भेजें।
साथ में अपना पूरा विवरण दें कि क्लेम किस कारण से रोका जा रहा है एवं जुटाए गए सभी सबूत उसी ईमेल पर अटैच करें। ईमेल करने के बाद बीमा कंपनी को 10 से 15 दिनों में जवाब देना होता है।
स्टेप 5: बीमा लोकपाल (Insurance Ombudsman) के पास जाएं
यदि आपका क्लेम पूरी तरह से बीमा कंपनी द्वारा खारिज कर दिया जाता है, तो आप बीमा लोकपाल के पास ऑनलाइन शिकायत (Bima Bharosa Portal) दर्ज कर सकते हैं या नजदीकी कार्यालय जाकर शिकायत कर सकते हैं।
इसमें आपको न तो किसी वकील की जरूरत होती है और न ही कोई शुल्क देना होता है। एक बॉडीशॉप मैनेजर के अनुभव के हिसाब से बताऊं तो 90% केस ग्राहक के पक्ष में ही जाते हैं, बस आपके डॉक्यूमेंट्स और आपकी जानकारी सही होनी चाहिए।
स्टेप 6: उपभोक्ता फोरम (Consumer Court) में शिकायत करें
यह लास्ट ऑप्शन होता है जिसमें आप एक वकील करके अपनी शिकायत उपभोक्ता फोरम में दर्ज करा सकते हैं। यदि आप सही हैं तो 100% आपको क्लेम भी दिया जाता है, एवं वकील की फीस से लेकर आपका जितना खर्चा हुआ है और मानसिक तनाव हुआ है, वह सब बीमा कंपनी को ही देना पड़ता है।
बॉडीशॉप का एक रियल केस: एक गाड़ी मेरे पास आई थी जिसका मैंने क्लेम इंटीमेट कर दिया। उसके सभी डॉक्यूमेंट सही थे और क्लेम फॉर्म भी सही भरा था। सर्वे हो गया और सर्वेयर ने अपना असेसमेंट बीमा कंपनी को भेज दिया। इसके बाद ग्राहक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बीमा कंपनी से वेरिफिकेशन के लिए कॉल आया। जिसने कॉल उठाया, उससे क्लेम मैनेजर ने पूछा कि एक्सीडेंट कैसे हुआ, उसने बता दिया; डेट पूछी, बता दी। फिर क्लेम मैनेजर ने पूछा कि गाड़ी कौन चला रहा था, तो उसने बोल दिया "मैं चला रहा था", जबकि क्लेम फॉर्म में ड्राइवर का दूसरा DL लगा था। क्लेम मैनेजर ने इतने पर ही क्लेम रिजेक्ट कर दिया कि आपने ड्राइवर बदल दिया है।
ग्राहक ने मुझसे पूछा कि अब क्या करें? मैंने कहा कि कोई भी बीमा कंपनी सिर्फ कॉल पर वेरिफिकेशन करके क्लेम रिजेक्ट नहीं कर सकती। यदि रिजेक्ट करना था तो वे इन्वेस्टिगेशन करा सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। मैंने ग्राहक से कहा कि आप कंज्यूमर कोर्ट में शिकायत करें कि बिना जांच के क्लेम नो-क्लेम कर दिया गया है। उन्होंने वकील करके शिकायत कर दी। केस चला और 3 महीने बाद वे केस जीत गए! बीमा कंपनी को पूरा क्लेम भी देना पड़ा और साथ में ग्राहक का कोर्ट व वकील का सारा खर्चा भी भरना पड़ा।
इसलिए यदि आप सही हैं, तो आपको घबराना नहीं है—सभी सबूत लेकर बीमा कंपनी से लड़ना है!
⚡ क्लेम को नो-क्लेम होने से बचाने के मेरे कुछ गुप्त उपाय (Secrets)
यदि आप सही तरीके से चलते हैं, तो कोई भी बीमा कंपनी या सर्वेयर आपके क्लेम को रिजेक्ट नहीं कर सकता। मैं आपको कुछ ऐसे सीक्रेट्स बताता हूँ जिनसे आपका क्लेम आराम से अप्रूव हो जाएगा:
क्लेम फॉर्म में बिल्कुल सही जानकारी भरें: आपको क्लेम फॉर्म में वही जानकारी भरनी है जो वास्तव में घटित हुई है। कोई भी झूठी जानकारी या कहानी नहीं बतानी है। कई बार जानवर से गाड़ी टकराने पर ग्राहक सोचते हैं कि क्लेम में दिक्कत न हो, इसलिए पेड़ या पुलिया से टकराना बता देते हैं। सर्वेयर इसे आराम से पकड़ लेता है क्योंकि जानवर और दीवार के डैमेज अलग समझ में आ जाते हैं। इसलिए हमेशा सच बताएं।
Spot Photos/Video जरूर लें: किसी भी एक्सीडेंट में यदि आपके पास स्पॉट की फोटो हैं, तो आपका 80% काम वहीं हो जाता है। जब भी गाड़ी का एक्सीडेंट हो, तुरंत स्पॉट की फोटो खींच लें, जिससे क्लेम जल्दी अप्रूव हो जाता है।
सभी डॉक्यूमेंट्स वर्कशॉप में एक बार में जमा करें: एक्सीडेंट से संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स (RC, DL, आधार, पैन, पॉलिसी, और FIR हुई है तो उसकी कॉपी) तुरंत जमा कर दें ताकि क्लेम जल्दी अप्रूव हो सके।
👉 मोटर इंश्योरेंस क्लेम कितने दिन में हो जाता है? जानिए बॉडीशॉप मैनेजर से क्लेम सेटलमेंट का असली सच
👉 जीरो डेप इन्शुरन्स क्या है? स्टैण्डर्ड पालिसी और जीरो डेप में अंतर (बॉडीशॉप मैनेजर गाइड)
👉 इन्शुरन्स क्लेम क्या है और यह कितने प्रकार का होता है? (A-to-Z गाइड)
❓ अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
Q1. क्या क्लेम रिजेक्ट होने के बाद दोबारा री-ओपन (Re-open) कराया जा सकता है?
जवाब: जी हां, बिल्कुल! यदि आप रिजेक्शन के कारण का सही क्लैरिफिकेशन लेटर, ठोस सबूत (जैसे अस्पताल की पर्ची, स्पॉट फोटो या CCTV फुटेज) बीमा कंपनी के Grievance Redressal Officer (GRO) को भेजते हैं, तो कंपनी क्लेम री-ओपन कर देती है।
Q2. बीमा लोकपाल (Insurance Ombudsman) में शिकायत दर्ज कराने की फीस कितनी होती है?
जवाब: बीमा लोकपाल में शिकायत दर्ज कराने का ₹1 भी शुल्क नहीं लगता है। यह IRDAI द्वारा ग्राहकों की मदद के लिए बनाई गई बिल्कुल मुफ्त सेवा है और इसमें वकील की भी जरूरत नहीं पड़ती।
Q3. अगर सर्वेयर मौखिक (Oral) रूप से कहे कि क्लेम नहीं मिलेगा, तो क्या क्लेम रिजेक्ट माना जाएगा?
जवाब: नहीं! केवल सर्वेयर या एजेंट के मौखिक कहने पर क्लेम रिजेक्ट नहीं माना जाता। जब तक बीमा कंपनी से आपके पास लिखित में 'Claim Rejection Letter' या 'Repudiation Letter' न आ जाए, तब तक क्लेम को खारिज न मानें।
Q4. Wrong NCB की वजह से क्लेम रुकने पर क्या समाधान है?
जवाब: यदि पॉलिसी लेते समय गलती से NCB डिस्काउंट मिल गया था, तो आप बीमा कंपनी में बची हुई NCB डिफ़रेंस पेनल्टी भरकर या फाइनल क्लेम बिल से उतना प्रतिशत कटवाकर अपना क्लेम अप्रूव करा सकते हैं।
💬 निष्कर्ष (Conclusion)
दोस्तों, यदि आपका मोटर क्लेम रिजेक्ट या नो-क्लेम हो गया है तो निराश होने की जरूरत नहीं है। अगर आपकी बात और डॉक्यूमेंट्स सही हैं, तो बीमा कंपनी से लेकर बीमा लोकपाल और कंज्यूमर कोर्ट तक आपके पास पूरे अधिकार हैं।
एक बॉडीशॉप मैनेजर के तौर पर मेरी सलाह यही है कि घबराएं नहीं, सही सबूत जुटाएं और नियमपूर्वक आगे बढ़ें। यदि आपका भी कोई क्लेम अटका है या रिजेक्ट हुआ है, तो नीचे कमेंट करके अपनी समस्या जरूर बताएं—मैं आपकी पूरी मदद करूंगा!